उज्जैन, 17 मई (हि.स.)। देवास मार्ग स्थित कल्पतरू कालोनी निवासी एक महिला ओर पुरूष लिव इन में रहते थे। इन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे महिला की मौत हो गई ओर पुरूष गंभीर है। नागझिरी थाना पुलिस के अनुसार घटना शनिवार सुबह की है। क्षेत्र के लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से चरक अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची।
पुलिस के अनुसार मृतका का नाम हेमलता परमार निवासी इंद्रानगर नागझिरी था। वहीं पुरूष का नाम राम पटेल निवासी कल्पतरू कालोनी है। उसकी हालत गंभीर होने से पुलिस उसके बयान नहीं ले सकी। वह स्टार हेल्थ नामक बीमा कम्पनी में काम करता है। क्षेत्र के लोगों से प्राथमिक जानकारी पुलिस को मिली कि दोनों पूर्व से विवाहित थे ओर कुछ समय से अपने-अपने परिवार से अलग होकर एक साथ रह रहे थे। इनके बीच अक्सर विवाद होते रहते थे।
पुलिस ने इनके मोबाइल फोन जब्त कर जांच की तो पता चला कि दोनों मोबाइल फोन फार्मेट थे। उनमें कोई जानकारी हांसिल नहीं हुई। पुलिस राम पटेल के होश में आने तथा मृतका हेमलता के परिजन मिलने पर उनसे जानकारी मिलने की संभावना ढूंढ रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है। शनिवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर वहीं पर परिजनों के इंतजार में रखा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
